
देवास जिले के खातेगांव से कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। इलाके में अवैध शराब की तस्करी की सूचना पर नाकेबंदी करने पहुंचे खातेगांव के थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी को शराब माफिया के एक तेज रफ्तार ट्रक ने बेरहमी से कुचल दिया। इस खौफनाक हादसे में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।बताया जा रहा है कि पुलिस को इंदौर-बैतूल हाईवे पर बड़े पैमाने पर अवैध शराब ले जाए जाने की सटीक जानकारी मिली थी। इसी इनपुट के बाद टीआई दिलीप पुरी अपनी टीम के साथ हाईवे पर मुस्तैद थे और आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों को रोक रहे थे। इसी दौरान जब उन्होंने सामने से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रुकने का इशारा किया, तो तस्करों ने गाड़ी की रफ्तार धीमी करने के बजाय सीधे उन पर ही चढ़ा दी। ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया और टीम के संभलने से पहले ही आरोपी वहां से भाग निकले।इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी की शहादत के बाद देवास पुलिस प्रशासन बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है। पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर गठित की गईं 5 से ज्यादा विशेष टीमें रात-दिन एक करके आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और इस अवैध काले कारोबार से जुड़े 10 से ज्यादा संदिग्धों को पहले ही अपनी गिरफ्त में ले लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह अवैध शराब हरदा की तरफ से आ रही थी और इसे इंदौर के रास्ते गुजरात ले जाने की योजना थी। इस नेटवर्क में हरदा और देवास के कई बड़े शराब तस्करों के नाम भी सामने आ रहे हैं। पकड़े गए संदिग्धों की निशानदेही पर पुलिस ने नेमावर, कन्नौद और सतवास समेत आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।फिलहाल, पुलिस की मुख्य प्राथमिकता उस आयशर ट्रक (MP 43 H 4786) के ड्राइवर को गिरफ्तार करना है, जो वारदात के बाद वाहन को संदलपुर में छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द मुख्य तस्कर और ड्राइवर सलाखों के पीछे होंगे। इस दुस्साहस को लेकर पुलिस मुख्यालय भी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और साफ कर दिया गया है कि वर्दी पर हाथ डालने वाले किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा।
