
प्रशासनिक गलियारे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जो सीधे तौर पर बुंदेलखंड और विशेषकर सागर से जुड़ी हुई है। मध्य प्रदेश कैडर की 2009 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रीति मैथिल के दिल्ली जाने का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने उन्हें संयुक्त सचिव या उसके समकक्ष स्तर के बड़े पदों पर नियुक्त करने के लिए अपनी अंतिम मंजूरी दे दी है।
सागर के लोग प्रीति मैथिल के काम करने के अंदाज से बखूबी वाकिफ हैं। वे यहां कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। खासकर कोरोना काल के दौरान उनके द्वारा किए गए जमीनी कार्यों, प्रशासनिक सक्रियता और चुनौतीपूर्ण समय में जिस तरह उन्होंने जिले की कमान संभाली थी, उसे आज भी स्थानीय स्तर पर लोग याद करते हैं। सागर में कप्तानी करने के बाद उन्होंने राज्य शासन में भी उद्यानिकी विभाग के कमिश्नर और मुख्यमंत्री के अपर सचिव जैसे कई अहम पदों की जिम्मेदारी निभाई। अपनी इसी प्रशासनिक साख के बदौलत अब वे देश की नीति निर्माण में बड़ी भूमिका तय करने जा रही हैं।
इस फैसले की सबसे दिलचस्प बात यह है कि उनकी फाइल को पहले ‘लेफ्ट-ओवर’ कैटेगरी में डाल दिया गया था, जिससे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को लेकर थोड़ी अनिश्चितता बनी हुई थी। लेकिन अब DoPT से हरी झंडी मिलने के बाद सारा सस्पेंस खत्म हो गया है और वे केंद्र सरकार के मंत्रालयों में वरिष्ठ प्रशासनिक जिम्मेदारियों को संभालने के लिए पूरी तरह पात्र हो गई हैं।
अगर उनकी मौजूदा भूमिका की बात करें, तो प्रीति मैथिल वर्तमान में भोपाल स्थित ट्राइफेड (Tribal Cooperative Marketing Development Federation of India) में महाप्रबंधक के रूप में मध्य प्रदेश क्षेत्र की कमान संभाल रही हैं। उनका यह मौजूदा असाइनमेंट नॉन-सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम पद के तहत आता है। अब सागर से लेकर भोपाल तक के प्रशासनिक हलकों में इस बात की चर्चा तेज है कि केंद्र सरकार उन्हें दिल्ली में किस महत्वपूर्ण मंत्रालय या विभाग का जिम्मा सौंपने जा रही है।
