
सागर/ सागर लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने भोपाल में आयोजित पश्चिम मध्य रेलवे की मंडल एवं जोनल बैठक में क्षेत्र की रेल संबंधी समस्याओं और आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाते हुए 37 मांगें एवं प्रस्ताव रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखे, जिसमें उन्होंने भोपाल–सागर–छतरपुर–खजुराहो नई रेल लाइन की डीपीआर शीघ्र तैयार करने तथा सिरोंज–शमशाबाद–लटेरी–कुरवाई रेल लाइन का सर्वे शुरू कराने की मांग की। इसके साथ ही सागर से पुणे के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा। बैठक में सांसद डॉ वानखेड़े ने मंडी बामोरा स्टेशन के व्यापक पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ इंदौर–प्रयागराज एवं पातालकोट एक्सप्रेस के ठहराव तथा दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेन का स्टॉपेज करने की मांग की,वहीं बीना जंक्शन पर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाने और प्रीमियम सहित अन्य प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की बात रखी।
उन्होंने छोटे-छोटे स्टेशन जिन का प्रयोग विशेष तौर पर ग्रामीण क्षेत्र के यात्री करते हैं उनकी यात्री सुविधाओं में वृद्धि के उद्देश्य से नरयावली, कुरवाई-कैथौरा, सेमरखेड़ी, महादेवखेड़ी, बरेठ, कुल्हार और कंजिया स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विकास तथा पैसेंजर एवं मेमू ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने की मांग रखी । बिलासपुर–भोपाल एक्सप्रेस का बरेठ एवं कुरवाई-कैथौरा में ठहराव और बीना–कोटा मेमू का सागर तक विस्तार करने का प्रस्ताव भी रखा।
बैठक में उन्होंने सागर को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए रीवा–पुणे ट्रेन को सागर मार्ग से चलाने, बेंगलुरु एवं रामेश्वरम के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी विकसित करने तथा जबलपुर–बेंगलुरु ट्रेन को सागर मार्ग से संचालित करने की मांग की । इसके अलावा गोरखपुर हमसफर की आवृत्ति बढ़ाने, रीवा–चार्लापल्ली ट्रेन का नियमित संचालन, हजरत निजामुद्दीन–अंबिकापुर ट्रेन के फेरे बढ़ाने और शिप्रा एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने का प्रस्ताव भी रखा तथा राज्यरानी एक्सप्रेस का नरयावली में ठहराव और उज्जैन तक विस्तार करने की मांग भी रखी। सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने रेलवे अधिकारियों से आग्रह किया कि क्षेत्र की प्रत्येक मांग पर कार्रवाई की समय-सीमा तय की जाए, और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जावे तथा कार्य प्रगति की लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जिससे सागर लोकसभा क्षेत्र की जनता को बेहतर रेल कनेक्टिविटी, सुविधाजनक यात्रा और विकास का वास्तविक लाभ मिलना सुनिश्चित हो।
खबरों विज्ञापन के लिए संपर्क करे नवसिंधु समाचार पेपर, +91 78289 44051, 9074913213

