
बेंगलुरु के येलाहंका से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 45 वर्षीय शख्स ने अपनी 19 साल की बेटी के साथ प्रेम संबंध होने के शक में अपने ही कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान केरल के पालक्काड़ जिले के रहने वाले 22 वर्षीय किरण के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी मालिक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
अफेयर की भनक लगते ही रची साजिश
मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला आरोपी उत्तरी बेंगलुरु में स्वीट कॉर्न बनाने वाली मशीनें और गाड़ियां बनाने का व्यवसाय करता है। किरण और उसका भाई पिछले कुछ सालों से उसी के पास काम कर रहे थे। कुछ समय पहले आरोपी को पता चला कि पास के शहर में पढ़ाई करने वाली उसकी बेटी, जो छुट्टियों में घर आई थी, उसका किरण के साथ अफेयर चल रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने किरण को रास्ते से हटाने के लिए पहले से योजना बना रखी थी। वारदात को अंजाम देने से करीब एक हफ्ते पहले उसने किरण के भाई को काम के बहाने बेंगलुरु से बाहर भेज दिया ताकि घर पर कोई दखल न दे सके।
घर पर रंगे हाथ पकड़ने का नाटक
मंगलवार सुबह आरोपी और उसकी पत्नी ने अपनी बेटी से कहा कि वे दिनभर के लिए बाहर जा रहे हैं। लेकिन कुछ ही घंटों बाद वे अचानक वापस लौट आए और किरण को अपने येलाहंका स्थित घर के एक कमरे में बेटी के साथ पकड़ लिया। इसके तुरंत बाद, उन्होंने बेटी को चिक्काबल्लापुर में एक रिश्तेदार के घर भेज दिया और किरण को वहीं रोक लिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
बेटी के जाने के बाद आरोपी ने किरण के साथ बुरी तरह मारपीट की। बेरहमी से हुई इस पिटाई के कारण किरण को गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी।
येलहंका पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या इस वारदात के वक्त घर में आरोपी के अलावा कोई और भी शामिल था।
इ…
