
भीतर बाजार की दोनों तरफ की सड़कों का होगा निर्माण एवं सौंदर्यीकरण – निगमायुक्त

सागर। नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने सोमवार सुबह भीतर बाजार पहुंचकर दुकानों के सामने से हटाए जा रहे अतिक्रमण की कार्रवाई का निरीक्षण किया। भीतर बाजार व्यापारी संघ द्वारा स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने पर सहमति दिए जाने के बाद निगमायुक्त ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिन दुकानदारों ने सहमति देने के बावजूद अपनी दुकानों के सामने से अतिक्रमण नहीं हटाया था, उनसे निगमायुक्त ने फिर से चर्चा की और सहमति बनने के बाद दुकानों के सामने सड़क तक लगाए गए टीनशेड के पाइप ग्राइंडर से कटवाकर अलग करवाए, ताकि सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराई जा सके।निगमायुक्त ने कहा कि भीतर बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और नागरिकों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी रखें, जिससे सड़कें अतिक्रमण मुक्त रहें और नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।


*भीतर बाजार की दोनों तरफ की सड़कों का होगा निर्माण एवं सौंदर्यीकरण*
निगमायुक्त ने कहा कि भीतर बाजार व्यापारी संघ के साथ ही नागरिकों ने मांग की है कि आवागमन की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए अतिक्रमण मुक्त जगह पर सड़क का निर्माण किया जावे । निगमायुक्त ने संबंधित इंजीनियर को निर्देशित किया कि भीतर बाजार में अतिक्रमण मुक्त कराई गई दोनों तरफ की सड़कों का माप लेकर सड़क निर्माण की कार्ययोजना तैयार करें, ताकि शीघ्र ही सड़क निर्माण कराकर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सड़कों के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण से भीतर बाजार का स्वरूप बेहतर होगा। इससे नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और व्यापारियों को भी लाभ होगा। सड़कों के व्यवस्थित होने से बाजार क्षेत्र में यातायात सुगम होगा तथा नागरिकों को खरीदारी के लिए आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।
निगमायुक्त ने कहा कि जिस तरह से भीतर बाजार व्यापारी संघ द्वारा यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु सहयोग किया है उनका यह कदम सराहनीय एवं स्वागत योग्य है। इस प्रकार जिन स्थानों पर अतिक्रमण है वहां के नागरिक भी नगर विकास में सहयोग करें। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के सामने अतिक्रमण न करें और भीतर बाजार को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाने में नगर निगम का सहयोग करें।
