
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में हुई एक रामकथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण पर की गई एक टिप्पणी ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर धीरेंद्र शास्त्री का एक वीडियो वायरल होने के बाद यादव समाज और श्रीकृष्ण भक्तों में भारी नाराजगी है। समाज के लोगों का कहना है कि इस बयान से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
इस बयान के विरोध में मध्य प्रदेश के सागर जिले सहित देश के कई हिस्सों में तीखे प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। सागर में आक्रोशित यादव समाज के लोग सड़कों पर उतर आए। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, उनके पुतले पर जूते-चप्पल बरसाए और बाद में उसे आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की है कि ऐसे विवादित बयान देने वाले संतों की कथाओं पर प्रशासन को तुरंत रोक लगानी चाहिए।
सागर के अलावा भोपाल, सीधी, छतरपुर और उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में इस टिप्पणी का पुरजोर विरोध हुआ है। कई जगहों पर यादव महासभा ने विरोध मार्च निकाला और पुतले फूंके।
मामले को तूल पकड़ता देख और चौतरफा घिरने के बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर इस पूरे विवाद पर सफाई दी और माफी भी मांग ली है। उन्होंने कहा कि उनके मन में भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा है और वे श्रीराम और श्रीकृष्ण को एक ही मानते हैं। उनका इरादा किसी भी समाज या भक्त की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने आगे कहा कि अगर उनके शब्दों से किसी को दुख पहुंचा है, तो वे इसके लिए दिल से क्षमा मांगते हैं।
