
6 वर्षीय प्रकृति तिवारी के प्रभावशाली योग प्रदर्शन ने सभी का मन मोहासागर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डॉ. सुमित कुमार रावत एवं नीमा (NIMA) सागर के संयुक्त तत्वावधान में तिली रोड स्थित राधारमण एन्क्लेव गार्डन के प्राकृतिक एवं मनोहारी वातावरण में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ बुढ़ापा (हेल्दी एजिंग) एवं निवारक स्वास्थ्य देखभाल (प्रिवेंटिव हेल्थकेयर) के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखते हुए ‘जीरो सिंगल-यूज़ वेस्ट’ की अवधारणा को अपनाया गया। प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखने की दृष्टि से सभी उपस्थित जनों को हेल्थ न्यूट्रिशन के रूप में अंकुरित आहार एवं हर्बल सूप पारंपरिक दोना-पत्तल में परोसा गया। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में सार्थक प्रयास बताया।शिविर में योग प्रशिक्षण मुख्य रूप से डॉ. दीपक सिंह एवं कुमारी चंद्रप्रभा जैन द्वारा दिया गया। उन्होंने उपस्थित जनों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा स्वस्थ जीवनशैली में योग के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान डॉ. दिनेश पटेरिया द्वारा किए गए उत्कृष्ट हलासन ने उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया और उनकी सराहना प्राप्त की।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 6 वर्षीय प्रतिभाशाली बालिका प्रकृति तिवारी रही। प्रकृति ने एक से बढ़कर एक कठिन योग मुद्राओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिससे पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों, चिकित्सकों एवं योग प्रेमियों ने उसकी प्रतिभा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।योग दिवस के अवसर पर समाधान डायग्नोस्टिक के सहयोग से निःशुल्क रक्त जांच शिविर भी आयोजित किया गया। आधुनिक डायग्नोस्टिक्स के माध्यम से लोगों को बीमारी होने से पहले ही स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा प्रिवेंटिव हेल्थकेयर की महत्ता का संदेश दिया गया।इस अवसर पर डॉ. डी. पी. नीमा, डॉ. प्रवीण खरे, डॉ. राघवेंद्र चौबे, डॉ. संजय जैन, डॉ. अश्विन रेजा, डॉ. राजेश शुक्ला, डॉ. राहुल जैन, डॉ. सौरभ चौरसिया, डॉ. निवेदिता रावत, पंकज तिवारी एवं प्रकृति प्रेमी महेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए दैनिक जीवन में योग, संतुलित पोषण एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया।
