
सागर: मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध सिद्ध क्षेत्र रानगिर मां हरसिद्धि मंदिर का विवाद अब और गहराता जा रहा है। मंदिर समिति के सदस्य व पुजारी अनिल दुबे के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच करणी सेना ने एक और बेहद गंभीर आरोप लगाया है। संगठन के पदाधिकारियों का दावा है कि मंदिर में आम श्रद्धालुओं के अधिकारों का हनन कर, पैसे लेकर अवैध तरीके से वीआईपी (VIP) एंट्री और दर्शन करवाए जाते हैं।
महिला अभद्रता के साथ अब भ्रष्टाचार के आरोप
रानगिर मंदिर परिसर में एक महिला श्रद्धालु के साथ कथित तौर पर हुई अभद्रता और मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद से ही स्थानीय संगठनों में भारी आक्रोश है। इसी सिलसिले में आज सागर एसपी कार्यालय पहुंचे करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने पुजारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सौंपे गए ज्ञापन में महिला सुरक्षा के मुद्दे के साथ-साथ मंदिर परिसर में चल रही कथित वीआईपी दर्शन की अवैध वसूली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। संगठन का कहना है कि आस्था के इस पावन केंद्र को कमाई का जरिया बना दिया गया है, जिससे दूर-दूर से आने वाले आम भक्तों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
कार्रवाई न होने पर करणी सेना की बड़ी चेतावनी
एसपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपने पहुंचे करणी सेना के पदाधिकारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि मंदिर जैसी पवित्र जगह पर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और दर्शन के नाम पर अवैध वसूली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि पुलिस प्रशासन ने इस मामले में जल्द से जल्द उचित वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोषी पुजारी को गिरफ्तार नहीं किया, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए विवश होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
