
सागर। परम पूज्य महाराज श्री के पावन प्राकट्य महोत्सव के अवसर पर श्री रावतपुरा सरकार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, सागर में श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव के साथ विविध धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में संस्थान के अधिकारी, शिक्षकगण, कर्मचारी, गुरु परिवार के सदस्य, छात्र-छात्राएं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य भगवान शिव का रुद्राभिषेक, परम पूज्य महाराज श्री का पूजन-अर्चन एवं सामूहिक प्रार्थना संपन्न हुई। इस अवसर पर राष्ट्र की समृद्धि, समाज के कल्याण तथा विश्व शांति एवं मानवता के मंगल की कामना की गई।दोपहर में जनसेवा की भावना को साकार करते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ प्राप्त किया।विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा एवं सामाजिक चेतना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शिक्षा, सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित आकर्षक एवं प्रेरणादायी पोस्टर प्रस्तुत किए। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्ति गीत, समूह प्रस्तुतियों एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के माध्यम से परम पूज्य महाराज श्री के जीवन-दर्शन एवं सेवा-संस्कारों को सजीव रूप से प्रस्तुत किया गया।सायंकाल श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ श्री विष्णु अर्चन का आयोजन किया गया। भजन, पूजन एवं आध्यात्मिक अनुष्ठानों से संपूर्ण परिसर भक्तिमय वातावरण से ओतप्रोत हो गया।पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश देते हुए संस्थान परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री अखिलेश भार्गव, शिक्षा संकाय की प्राचार्या डॉ. सीमा सिंह, फार्मेसी संकाय की प्राचार्या डॉ. मिताली मिश्रा, गुरु परिवार के सदस्य श्री विनीत पटेरिया, श्री सुंदर लाल बचकिंया, श्री मनोज सोनी, श्री राघवेंद्र राजपूत, श्री जगदीश असाटी सहित शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं एवं उपस्थितजनों को महाप्रसाद वितरित किया गया।इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री अखिलेश भार्गव ने कहा कि परम पूज्य महाराज श्री का संपूर्ण जीवन मानव सेवा, शिक्षा, संस्कार, आध्यात्मिक जागरण एवं राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहा है। उनके आदर्शों से प्रेरित होकर संस्थान शिक्षा के साथ सेवा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को निरंतर सुदृढ़ करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्राकट्य महोत्सव जैसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम हैं।समूचे आयोजन के दौरान श्रद्धा, अनुशासन, सेवा एवं समर्पण का अनुपम समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के सभी अधिकारी, शिक्षकगण, कर्मचारी, गुरु परिवार के सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं का उल्लेखनीय योगदान रहा।
