
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक सरकारी कन्या स्कूल में शिक्षकों की आपसी लड़ाई ने इतना तूल पकड़ लिया कि स्कूल परिसर ही जंग का मैदान बन गया। हद तो तब हो गई जब मामले की जाँच करने पहुँचे अधिकारियों के सामने भी हंगामा शुरू हो गया, जिसे शांत कराने के लिए पुलिस बल को बुलाना पड़ा।
नोटिस देने पर भड़का विवाद, हुई हाथापाई
यह पूरा मामला बृजपुर के शासकीय कन्या माध्यमिक शाला का है। घटना बीते 1 अक्टूबर की बताई जा रही है। स्कूल में नोटिस देने की प्रक्रिया के दौरान शिक्षिका रजनी सोनी, शिक्षक अशोक कुमार ओमरे और शिक्षिका दीपा चतुर्वेदी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि यह बहस इतनी बढ़ गई कि शिक्षिका रजनी सोनी ने दूसरे शिक्षकों के साथ बदतमीजी की और बात हाथापाई तक पहुँच गई। इस घटना के बाद से स्कूल के अन्य शिक्षक डरे हुए हैं।जाँच टीम के सामने भी हंगामा, बुलानी पड़ी पुलिसशिक्षकों के बीच हुई इस मारपीट की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी तक पहुँची। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने पाँच सदस्यों की एक जाँच टीम स्कूल भेजी। लेकिन जब यह टीम स्कूल पहुँची, तो वहाँ फिर से हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। अधिकारियों के सामने ही आरोपी शिक्षिका और दूसरा पक्ष आपस में भिड़ गए। माहौल बिगड़ता देख जाँच टीम को तुरंत बृजपुर थाने से महिला पुलिस बल बुलानी पड़ी, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।बयान दर्ज, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाईजाँच कमेटी के सदस्य पुष्पराज सिंह ने बताया कि स्कूल के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जाँच पूरी होते ही रिपोर्ट सीनियर अधिकारियों को सौंप दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जो भी इस मामले में दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। वहीं, शिक्षा के मंदिर में शिक्षकों के इस रवैये से स्थानीय लोगों और बच्चों के माता-पिता में भारी नाराजगी है।
