
सागर। रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय, सागर में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अक्षत कोठारी के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधिमंडल ने कुलगुरु से मुलाकात कर विश्वविद्यालय में लॉ कोर्सेस को अति शीघ्र प्रारंभ करने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में कुलगुरु को ज्ञापन सौंपते हुए छात्रों की समस्याओं से अवगत कराया।प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सागर एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को लॉ की पढ़ाई के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक बोझ के साथ-साथ शैक्षणिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है। यदि विश्वविद्यालय में लॉ कोर्स प्रारंभ किए जाते हैं, तो स्थानीय छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेंगे।एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अक्षत कोठारी ने कहा कि यह मांग लंबे समय से छात्रों द्वारा उठाई जा रही है और विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रहित में जल्द से जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि लॉ कोर्स शुरू होने से न केवल छात्रों को सुविधा मिलेगी, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का भी विस्तार होगा।कुलगुरु ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।इस दौरान दीपेंद्र राय, पारस साहू सहित अन्य छात्र कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
