
परम पूज्य सद्गुरुदेव श्री रविशंकर जी महाराज (श्री रावतपुरा सरकार) के सान्निध्य एवं प्रेरणा से इस वर्ष गुरुपूर्णिमा महोत्सव एवं चातुर्मास व्रत अनुष्ठान का आयोजन सागर में भव्य रूप से किया जा रहा है। दिनांक 29 जुलाई 2026 को श्री राजराजेश्वरी कोटि अर्चन (एक करोड़ अर्चन) का दिव्य एवं सिद्ध अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा।
यह अनुष्ठान माँ श्री राजराजेश्वरी (श्रीविद्या त्रिपुरसुंदरी) को समर्पित है, जिन्हें समस्त सृष्टि की पालनहार शक्ति माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस अर्चन अनुष्ठान के श्रवण, दर्शन एवं सहभागिता मात्र से व्यक्ति के जीवन के विविध कष्ट, चिंता, शोक, भय एवं बाधाओं का निवारण होता है तथा सुख, समृद्धि, रिद्धि-सिद्धि एवं आध्यात्मिक उन्नति की प्राप्ति होती है। यह अनुष्ठान भक्तों की मनोकामनाओं की पूर्ति करने वाला अत्यंत प्रभावशाली एवं सिद्ध अनुष्ठान माना जाता है।

श्री राजराजेश्वरी कोटि अर्चन का आयोजन 29 जुलाई 2026 को सायं 5:30 बजे से मंशापूर्ण बालाजी मंदिर प्रांगण, सागर में किया जाएगा। आयोजकों द्वारा समस्त श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से अपने परिवार, इष्ट मित्रों, रिश्तेदारों एवं परिचितों सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित करने का आग्रह किया गया है।
धर्म, भक्ति और संस्कृति से सराबोर होगी संगीतमयी श्रीराम कथा
अनुष्ठान के पहले गुरुपूर्णिमा एवं चातुर्मास महोत्सव के अंतर्गत 21 जुलाई को श्रीराम कथा हेतु भव्य कलश यात्रा एवं नगर भ्रमण निकाला जाएगा। वहीं 22 जुलाई से 28 जुलाई तक मंशापूर्ण बालाजी मंदिर प्रांगण, सागर में संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन होगा, जिसमें देशभर से आने वाले श्रद्धालु धर्म, भक्ति एवं संस्कृति के इस महापर्व में सहभागी बनेंगे।
उक्त समस्त कार्यक्रमों का आयोजन श्री रावतपुरा सरकार लोक-कल्याण ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से धर्म एवं संस्कृति के इस महान आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।
