
*आज शाम से होना था अग्निवीर भर्ती का टेस्ट, बैग में रखे थे सभी मूल दस्तावेज; थाना सिविल लाइन एवं पुलिस कंट्रोल रूम के समन्वित प्रयासों से मिली सहायता*।
सागर। सागर पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता एवं तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। अग्निवीर भर्ती में शामिल होने सागर आए जिला नरसिंहपुर के ग्राम कठौतिया निवासी अभ्यर्थी पंकज पाल का ऑटो में छूटा मूल दस्तावेजों से भरा बैग पुलिस ने तलाश कर सुरक्षित वापस दिलाया। बैग में भर्ती से संबंधित सभी मूल दस्तावेज रखे हुए थे तथा उसी दिन शाम से उनका अग्निवीर भर्ती का टेस्ट होना था।
बस स्टैंड से ऑटो में बैठे, मकरोनिया में उतरने के बाद पता चला बैग छूट गया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंकज पाल अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए सागर आए थे। वे सागर बस स्टैंड से ऑटो में बैठकर मकरोनिया स्थित भर्ती स्थल पहुँचे। इस दौरान उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। जब उन्हें इसकी जानकारी हुई, तो वे अत्यंत परेशान एवं दुखी हो गए, क्योंकि बैग में उनके सभी मूल दस्तावेज थे और भर्ती परीक्षा का महत्वपूर्ण अवसर सामने था।
*CCTV फुटेज से मिला महत्वपूर्ण सुराग, ऑटो की तलाश कर बैग प्राप्त किया*
पंकज पाल सहायता के लिए पहले थाना सिविल लाइन पहुँचे। थाना स्टाफ ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी श्री आर.के.एस. चौहान के पास भेजा। पुलिस कंट्रोल रूम में अभ्यर्थी की परेशानी को समझते हुए तत्काल आवश्यक प्रयास शुरू किए गए।
तलाश के दौरान मकरोनिया क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया गया। फुटेज में पंकज पाल को ऑटो में बैठते हुए देखा गया, जिससे ऑटो की पहचान एवं जानकारी प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सुराग मिला। इस सुराग के आधार पर संबंधित ऑटो की तलाश की गई और अंततः ऑटो का पता लगाकर उसमें छूटा बैग प्राप्त कर लिया गया।
इस पूरी कार्यवाही में पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी श्री आर.के.एस. चौहान एवं महिला आरक्षक रक्षा राजपूत ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस की तत्परता, CCTV फुटेज के प्रभावी उपयोग तथा समन्वित प्रयासों से अभ्यर्थी के सभी मूल दस्तावेज सुरक्षित वापस मिल गए।
*परेशान अभ्यर्थी के चेहरे पर लौटी मुस्कान*
अपने मूल दस्तावेज सुरक्षित वापस मिलने पर पंकज पाल ने राहत की साँस ली। भर्ती का टेस्ट छूटने की आशंका से अत्यंत दुखी अभ्यर्थी के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए सागर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
सागर पुलिस का संदेश
सागर पुलिस आमजन की सहायता, सुरक्षा एवं सेवा के लिए सदैव तत्पर है। CCTV कैमरों की सहायता से महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त कर खोए हुए सामान की तलाश करना पुलिस की सक्रियता एवं तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग को दर्शाता है। सागर पुलिस नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा आमजन का विश्वास मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
