
*सागर, 10 अक्टूबर 2026।* नवरात्रि पर्व के दौरान आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों में मर्यादा और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आज शिवसेना ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
शिवसेना उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि गरबा आयोजनों में प्रवेश के लिए आधार कार्ड अनिवार्य किया जाए, कार्यक्रमों में फूहड़ और अश्लील गानों पर रोक लगाई जाए तथा भारतीय परिधानों को बढ़ावा दिया जाए।
पप्पू तिवारी ने कहा कि नवरात्रि हिंदुओं की आस्था और साधना का पर्व है। पिछले वर्ष पहचान पत्र अनिवार्य नहीं होने के कारण एक पंडाल में बाहरी युवक के प्रवेश से अफरा-तफरी की स्थिति बनी थी। इस वर्ष ऐसी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन को सख्त व्यवस्था करनी चाहिए।
राज्य संगठक मनी सिंह गुरेन ने कहा कि गरबा संचालक आयोजनों की पवित्रता बनाए रखें। वहीं जिला प्रभारी विकास सिंह ने कहा कि यदि आयोजनों में मर्यादा का उल्लंघन होता है तो शिवसेना लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएगी।
ज्ञापन के दौरान शिवशंकर दुबे, बसंत भदौरिया, सचिन जैन, दीपेश विश्वकर्मा, अनूप पटेरिया सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।
