
बड़ा बाजार तीन बत्ती होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से राठौर बंगले पहुंचेगी स्वागत रैली; तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में बैठक संपन्न, वरिष्ठ नेताओं ने बनाई विस्तृत कार्ययोजना

कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव एवं भूपेंद्र सिंह, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, इंजी. प्रदीप लारिया और भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी सहित जिले के जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी होंगे शामिल

सागर। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जसवंत राठौर के स्वागत एवं अभिनंदन में सोमवार को भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी। रैली दोपहर 12 बजे सुरखी विधानसभा क्षेत्र के राहतगढ़ से प्रारंभ होगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत के बाद रैली दोपहर 2 बजे सागर के मोतीनगर तिराहे पहुंचेगी, जहां नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का भव्य अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राठौर बंगले पहुंचेगी।
स्वागत रैली में कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, पूर्व मंत्री एवं विधायक गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, इंजी. प्रदीप लारिया, वीरेंद्र सिंह एवं बृजबिहारी पटेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित जिले के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ता शामिल होंगे।
स्वागत रैली की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, विधायक इंजी. प्रदीप लारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में रैली की रूपरेखा तय कर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही स्वागत स्थलों, निर्धारित मार्ग, यातायात व्यवस्था एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि युवा मोर्चा भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण एवं ऊर्जावान इकाई है। युवा कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों के साथ जनसेवा के कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है। जसवंत राठौर को जिलाध्यक्ष का दायित्व मिलने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि स्वागत रैली संगठन की एकजुटता एवं युवाशक्ति का परिचायक बनेगी। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाएं।
विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित एवं अनुशासित कार्यकर्ता हैं। नए नेतृत्व में युवा मोर्चा की गतिविधियों को और गति मिलेगी तथा संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उत्साह एवं अनुशासन के साथ स्वागत रैली में शामिल होने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ताओं की निष्ठा, परिश्रम एवं समर्पण को सदैव महत्व दिया जाता है। नवनियुक्त युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष का स्वागत संपूर्ण भाजपा परिवार का सामूहिक कार्यक्रम है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों एवं मोर्चा पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं संभालने तथा प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका व्यापक संगठनात्मक आधार और समर्पित कार्यकर्ता हैं। युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जसवंत राठौर का स्वागत संपूर्ण जिले के कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह एवं गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि आयोजन की भव्यता केवल कार्यकर्ताओं की संख्या से नहीं, बल्कि उनके उत्साह, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता से परिलक्षित होगी।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वागत रैली दोपहर 12 बजे राहतगढ़ से प्रारंभ होकर सीहोरा एवं भापेल सहित विभिन्न स्थानों से होते हुए सागर पहुंचेगी। दोपहर 2 बजे मोतीनगर तिराहे पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद रैली चमेली चौक, श्रीराम चौक, सराफा तिराहा, कोतवाली, तीन बत्ती, कटरा मस्जिद, राधा तिराहा, भगवानगंज एवं शनि मंदिर होते हुए कबूला पुल से राठौर बंगले पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। रैली मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।
बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेश केशरवानी, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिराम सिंह, जिला महामंत्री चैन सिंह ठाकुर, चेतराम अहिरवार एवं सुमित यादव, जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
*खबरों विज्ञापन के लिए संपर्क करे नवसिंधु समाचार पेपर, +91 78289 44051, 9074913213*

