
निगमायुक्त ने भीतर बाजार व्यापारी संघ के निर्णय का किया स्वागत

सागर/ शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, नागरिकों को आवागमन में सुविधा प्रदान करने और बाजारों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने की दिशा में निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री की पहल पर भीतर बाजार व्यापारी संघ ने दुकानों के सामने सड़क पर लगाए गए टीनशेड सहित अन्य अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटाने तथा दुकानों से निकलने वाले कचड़े को कचरा गाड़ी में ही देने का सकारात्मक निर्णय लिया है। व्यापारी संघ के इस निर्णय से बाजार क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही स्वच्छता व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने रविवार को कटरा बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान भीतर बाजार व्यापारी संघ द्वारा शहर हित में लिए गए निर्णय से अवगत कराया। उल्लेखनीय है कि निगमायुक्त ने शुक्रवार की सुबह ऑटो रिक्शा में बैठकर भीतर बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से चर्चा करते हुए दुकानों के सामने सड़क पर लगभग 10 फुट तक किए गए अतिक्रमण को हटाने की अपील की थी ताकि बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।निगमायुक्त की अपील पर भीतर बाजार व्यापारी संघ ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया है। व्यापारी संघ के महामंत्री श्री विकास केसरवानी ने बताया कि दीपावली सहित आगामी त्योहारों के दौरान बाजार में बड़ी संख्या में नागरिक खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नागरिकों की सुविधा, सुगम यातायात और व्यवस्थित बाजार के उद्देश्य से सभी व्यापारी सदस्यों ने दुकानों के सामने से टीनशेड एवं अन्य अतिक्रमण हटाने पर सहमति व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि रविवार की शाम तक सभी दुकानों के सामने से टीनशेड हटाकर जगह खाली कर दी जाएगी।उन्होंने बताया कि व्यापारी संघ ने बाजार में स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी निर्णय लिया है। इसके तहत सभी व्यापारी अपनी दुकानों से निकलने वाले कचड़े को कचरा गाड़ी में ही डालेंगे। यदि किसी स्थान पर कचरा गाड़ी नहीं पहुंचती है, तो इसके लिए निर्धारित स्थान पर कचरा एकत्रित किया जाएगा तथा कचरा गाड़ी को सूचना देकर उसे उठवाया जाएगा। इससे दुकानों के सामने सड़क पर कचरा फैलने और बाजार क्षेत्र में गंदगी होने की समस्या पर अंकुश लगेगा।नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने भीतर बाजार व्यापारी संघ की इस सकारात्मक पहल का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग भी आवश्यक है। भीतर बाजार व्यापारी संघ ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने और कचड़े के उचित प्रबंधन का निर्णय लेकर शहर हित में सराहनीय पहल की है। इस प्रकार के सहयोगात्मक प्रयासों से अन्य बाजारों के व्यापारियों को भी प्रेरणा मिलेगी और सामूहिक सहभागिता से शहर की यातायात व्यवस्था एवं स्वच्छता को बेहतर बनाया जा सकेगा।नगर निगम का उद्देश्य आपसी समन्वय और जनसहयोग के माध्यम से बाजारों को व्यवस्थित बनाना, नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना तथा सागर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना है।
