
इंदौर। मालवांचल यूनिवर्सिटी के इंडेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ द्वारा विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।इंडेक्स समूह संस्थान के छात्रों ने इस अवसर पर तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। इस अवसर पर मप्र हाईकोर्ट के अधिवक्ता कुणाल भंवर मुख्य वक्ता ने “स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी भी है” विषय पर जानकारी दी। विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के अधिकार के साथ उससे जुड़ी जिम्मेदारियों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संविधान, कानून और नागरिक अधिकारों के महत्व के साथ ही देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि आज युवा भले ही किसी भी करियर में सफलता हासिल करे लेकिन हमें राष्ट्र प्रथम की भावना खुद में विकसित करना होगी। आपकी निजी सफलता से केवल आपको आपका परिवार याद रखेगा। यदि आप देश के लिए कुछ करेंगे तो शायद आपको इतिहास में याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आज युवा शक्ति को किसी भी तरह के आंदोलन को करने की पूरी स्वतंत्रता है लेकिन उसका उद्देश्य देश की अखंडता को नुकसान न पहुंचाएं इसका ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमारा अधिकार जरूर हो सकता है लेकिन उसके साथ एक जिम्मेदारी की भावना देश के हर नागरिक में होना बहुत जरूरी है। हमारे छोटे कार्य भी यदि हम अपने देश के लिए करे तो शायद हम सब मिलकर एक बड़ा योगदान दे सकते है। इस अवसर पर इंडेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ के डायरेक्टर डॉ. विनोद यादव ने कहा कि इस तरह के सेमिनार छात्रों को कानून की जानकारी देने के साथ ही उन्हें अपने देश के प्रति जिम्मेदारियों और कर्तव्यों का बोध कराते हैं। इंडेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ के डीन डॉ. सुरेन्द्र कुमार निराला ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उनका निर्वहन करने की प्रेरणा भी देती है। विद्यार्थियों को संविधान और कानून की जानकारी के साथ एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। इस अवसर पर डायरेक्टर नर्सिंग दीपक मिश्रा,डायरेक्टर होम्योपैथी डॅा.रितेश विश्वकर्मा,डॅा.अजय मिश्रा,डॅा.सीएल यादव शिक्षक और छात्र उपस्थित थे।अतिथि परिचय श्री भीष्म कुमार डहेरिया ने किया एवं आभार सुश्री खुशी नारवानी ने किया ।
