
सागर: सागर, 16 अक्टूबर।सागर पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। रहली थाना इलाके के जूना गांव के रहने वाले 53 वर्षीय कमलेश कुर्मी (पिता मंजू कुर्मी) को 8 महीने के लिए जिला बदर कर दिया गया है। कमलेश पर इलाके में भय का माहौल बनाने और लगातार अपराधों में शामिल रहने के आरोप हैं।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर और एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया व नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में की गई है।13 गंभीर मुकदमों में नामजद है आरोपीपुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कमलेश कुर्मी का आपराधिक रिकॉर्ड काफी पुराना है। साल 2013 से लेकर अब तक रहली थाने में उसके खिलाफ कुल 13 मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें हत्या के प्रयास, एससी/एसटी एक्ट, गंभीर मारपीट, सरकारी कर्मचारी के साथ झूमाझटकी, गाली-गलौज, छेड़छाड़ और जालसाजी जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। आरोपी की लगातार बढ़ती गुंडागर्दी की वजह से इलाके की लोक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ जिला बदर का प्रस्ताव तैयार किया था।कलेक्टर के आदेश के बाद 8 जिलों में एंट्री बैनएसपी सागर के प्रतिवेदन को गंभीरता से लेते हुए जिला दंडाधिकारी (कलेक्टर) ने मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत कमलेश कुर्मी को 8 महीने के लिए जिला बदर करने का फरमान जारी कर दिया। इस आदेश के बाद अब वह अगले 8 महीने तक सागर सहित उसके आस-पास के 7 पड़ोसी जिलों— दमोह, छतरपुर, रायसेन, नरसिंहपुर, विदिशा, अशोकनगर और टीकमगढ़ की सीमा में कदम नहीं रख पाएगा।पुलिस खुद गाड़ी से जबलपुर सीमा पर छोड़ कर आईजिला बदर के आदेश पर तुरंत अमल करते हुए रहली थाना पुलिस ने आरोपी कमलेश को नोटिस थमाया और उसे सागर जिले की सीमा से बाहर का रास्ता दिखाया। पुलिस टीम उसे खुद गाड़ी में बैठाकर जबलपुर जिले की सीमा में आने वाले पाटन क्षेत्र तक छोड़कर आई। साथ ही आरोपी को सख्त लहजे में हिदायत दी गई है कि यदि उसने तय समय से पहले प्रतिबंधित जिलों की सीमा में घुसने की कोशिश की, तो उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।सागर पुलिस का कहना है कि जिले की कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और आदतन अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
