
सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्नई गांव में एक आदिवासी युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। मामूली विवाद के बाद दो युवकों ने बेरहमी से पिटाई की, जिससे इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच जारी है।जूते पहनकर गुजरने की बात पर कहासुनीमृतक की पहचान विष्णु बैगा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, विष्णु अपने गांव गुल्ली डांड से कन्नई पाही में आयोजित छठी बरही कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में वह रवि ढाबे के पास सामान खरीदने रुका, जहां पहले से विक्रम बैस और केशव बैस मौजूद थे। मृतक के चाचा मोतीलाल बैगा के अनुसार, जूते पहनकर गुजरने की बात पर कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई।इलाज के दौरान दम तोड़ दियाआरोपियों ने लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर विष्णु को गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उसे बैढ़न के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बरगवा एसडीओपी गौरव पाण्डेय ने बताया कि रात करीब 11 बजे मारपीट की सूचना

मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन पीड़ित की मौत के बाद अब हत्या की धारा जोड़ी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
