
शहडोल। एमपी के शहडोल में ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को पलभर में तबाह कर दिया। लाखों रुपये हारने और कर्ज के बोझ से टूट चुके पिता ने जहर मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर पत्नी और बेटी सहित खुद भी आत्मघाती कदम उठा लिया। इस दर्दनाक घटना में बेटी और पिता की मौत हो चुकी है, जबकि मां अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।दिल दहला देने वाली घटना पुरानी बस्ती क्षेत्र से सामने आई है। दरअसल, ऑनलाइन गेम में लाखों रुपए हार चुके एक परिवार के मुखिया ने कर्ज के दबाव में आकर अपनी पत्नी और बेटी को जहर मिली कोल्ड ड्रिंक पिला दी और खुद भी पीकर आत्मघाती कदम उठा लिया। इस दर्दनाक घटना में मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान 16 वर्षीय बेटी स्वाति गुप्ता की मौत हो गई, जबकि उसका अंतिम संस्कार कर परिजन घर लौटे ही थे कि कुछ देर बाद पिता शंकर लाल गुप्ता (40 वर्ष) की भी मौत हो गई। पत्नी राजकुमारी गुप्ता (34 वर्ष) फिलहाल आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही हैं।घटना के समय परिवार का 15 वर्षीय बेटा अनिकेत गुप्ता घर पर मौजूद नहीं था, जिसके चलते वह इस हादसे का शिकार होने से बच गया। लेकिन अब उसके सिर से पिता और बहन का साया उठ चुका है। उस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।जानकारी के अनुसार, शंकर लाल गुप्ता ऑनलाइन BDG गेम खेलता था। इसमें पैसा लगाकर किस्मत आजमाने की कोशिश करता था। इसी दौरान वह लगभग 4 लाख रुपए हार गया और बाजार में कर्ज भी बढ़ता चला गया। आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। बताया जा रहा है कि शंकर लाल पहले ‘बाबा मोबाइल’ में काम करता था और बाद में अनूपपुर जिले में अपनी मोबाइल दुकान संचालित करने लगा था। लेकिन ऑनलाइन जुए की लत के कारण उसकी दुकान भी कर्ज में डूब गई। हाल ही में वह सोहागपुर रोड पर मोबाइल एक्सेसरीज की छोटी दुकान लगाकर हेडफोन आदि बेचकर परिवार का गुजारा कर रहा था।
