
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में एक युवती की निर्मम हत्या और दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन और सीएसपी ललित कश्यप के नेतृत्व में मोतीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दुष्कर्म के बाद राज खुलने के डर से युवती को कुएं में धक्का दे दिया था।
घर से लापता हुई थी युवती
घटनाक्रम के अनुसार, बीती 30 सितंबर को मोतीनगर क्षेत्र से एक 19 वर्षीय युवती रात के समय अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी और अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी। इसके बाद 10 अक्टूबर को घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक कुएं में युवती का शव निर्वस्त्र हालत में बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या और दुष्कर्म के एंगल से बारीकी से जांच शुरू की।
हाईवे निर्माण साइट से मिला सुराग
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के पास चल रहे हाईवे निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और कर्मचारियों से कड़ाई से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि निर्माण कार्य में लगा एक मजदूर घटना के अगले ही दिन से अचानक छुट्टी पर चला गया है। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसकी घेराबंदी की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
सीधी जिले का रहने वाला है आरोपी
कड़ी पूछताछ में आरोपी अजय कुमार (पिता रामप्रसाद, उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम ढमक, जिला सीधी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के कबूलनामे और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) (दुष्कर्म), 103(1) (हत्या) और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई हैं।
शादी का राज खुलने पर की हत्या
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मृतका की पहचान करीब 20 दिन पहले ही हुई थी। आरोपी ने युवती से यह छुपाया था कि वह शादीशुदा है। घटना की रात आरोपी ने युवती को फोन कर घर के बाहर बुलाया और उसके साथ दुराचार किया। इसी बीच जब परिजनों के जागने की आहट हुई, तो युवती ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया।
जब युवती को उसके पहले से शादीशुदा होने का पता चला, तो उसने यह बात दोनों के परिवारों को बताने की बात कही। पकड़े जाने के डर से आरोपी अजय कुमार ने युवती को जान से मारने की नीयत से कुएं में धक्का दे दिया और साक्ष्य छुपाने के लिए उसके कपड़े भी कुएं में फेंक दिए। वारदात के बाद वह अपने कैंप में जाकर सो गया और अगले दिन अपने गृह जिले सीधी भाग गया था।
आरोपी भेजा गया जेल
मोतीनगर पुलिस ने आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर आज (18 अक्टूबर) माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
सराहनीय टीम
इस अंधे कत्ल और जघन्य हत्याकांड का खुलासा करने में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत राजपूत, उप निरीक्षक जय सिंह, पी.डी. ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक गोकुल पाण्डेय, प्रधान आरक्षक दीपक, महिला आरक्षक मंजूलता, आरक्षक मनीष तिवारी, पुष्पेन्द्र शर्मा, श्रीकांत चौबे, मंजीत सिंह और चालक मुकेश की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।
