
महिला वर्ग में आसमानी रजक तथा पुरुष वर्ग में राहुल राठौर और शुभम खत्री ने किया शानदार प्रदर्शनसागर।
सागर ।मध्यप्रदेश वन विभाग अंतर्गत वनरक्षक भर्ती परीक्षा 2026 के तहत वनरक्षक पदों पर सीधी भर्ती के लिए सागर जिले में लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण 221 अभ्यर्थियों हेतु द्वितीय चरण की चयन प्रक्रिया 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की गई।यह चयन प्रक्रिया मुख्य वन संरक्षक, वन वृत्त सागर के निर्देशन तथा वनमंडलाधिकारी दक्षिण सागर श्री वरुण यादव के मार्गदर्शन में नोडल कार्यालय वनमंडल दक्षिण सागर में संपन्न हुई।द्वितीय चरण में अभिलेख परीक्षण एवं शारीरिक माप के उपरांत पात्र पाए गए 171 अभ्यर्थियों में 138 पुरुष एवं 33 महिला अभ्यर्थी शामिल थे। इनमें से 2 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 169 अभ्यर्थियों ने पैदल चाल में भाग लिया। निर्धारित मानकों के अनुसार पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर तथा महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर की पैदल चाल 4 घंटे में पूरी करनी थी। इनमें से 165 अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय-सीमा में पैदल चाल सफलतापूर्वक पूरी की, जबकि 4 अभ्यर्थी निर्धारित समय में इसे पूरा नहीं कर सके।पैदल चाल में महिला अभ्यर्थी आसमानी रजक ने 14 किलोमीटर की दूरी मात्र 1 घंटा 48 मिनट में पूरी कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं, पुरुष अभ्यर्थियों में राहुल राठौर एवं शुभम खत्री ने 25 किलोमीटर की पैदल चाल मात्र 2 घंटे 14 मिनट में पूरी कर शानदार प्रदर्शन किया।पूरी चयन प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में वनमंडल दक्षिण सागर, वनमंडल उत्तर सागर एवं वनमंडल सामाजिक वानिकी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग एवं जिला रोजगार अधिकारी का भी सहयोग प्राप्त हुआ।
