
सागर / 153वीं अंतर-संसदीय संघ (IPU) असेंबली के अवसर पर तंजानिया में भारत के उच्चायुक्त विशवदीप जी द्वारा भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में एक भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें तंजानिया में रह रहे लगभग 500 से अधिक भारतीय परिवारों की उपस्थिति रही।
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्वामी विवेकानंद केंद्र के नन्हें बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया मनमोहक हिंदी गायन रहा।इसके साथ ही जब बच्चों ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की शानदार व ओजस्वी प्रस्तुति दी, तो पूरा प्रांगण देशभक्ति के भाव से सराबोर हो उठा।
इस अवसर को सागर सांसद डॉ लता वानखेड़े ने सुदूर विदेश की धरती पर अपने देश की माटी की खुशबू बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति की यह जीवंतता और प्रवासी भारतीयों का ऐसा अटूट स्नेह देखना उन्हें अत्यंत भावुक एवं गौरवमयी अनुभव है।
