
आज दिनांक 30 मार्च, सोमवार को विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर, मोतीनगर, सागर में वार्षिक परीक्षा परिणाम सत्र 2025-26 घोषणा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने बड़े ही उत्साह एवं उल्लास के साथ सहभागिता की।विद्यालय का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा। विशेष रूप से कक्षा पंचम एवं अष्टम (बोर्ड) का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे समूचे विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण व्याप्त हो गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन हेतु मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक श्री शैलेंद्र जैन उपस्थित रहे। उनके साथ समाजसेवी एवं लीगल राइट्स काउंसलिंग से श्रीमती अनुश्री शैलेंद्र जैन, समिति सदस्य श्री सुनील सागर, प्राचार्य श्रीमती रुचि मिश्रा एवं प्रधानाचार्य श्री मनीष खरे की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही सभी परीक्षा प्रमुख, आचार्य-दीदियाँ, सैकड़ों विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक कार्यक्रम में हर्षोल्लास के साथ उपस्थित रहे।उच्चतर माध्यमिक विभाग के परीक्षा प्रमुख श्री प्रदीप नामदेव, माध्यमिक विभाग के परीक्षा प्रमुख श्री अरविंद साहू एवं प्राथमिक विभाग के परीक्षा प्रमुख श्री बालकेश ठाकुर सहित समस्त विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता सराहनीय रही।कार्यक्रम का सफल संचालन आचार्य महेश तिवारी द्वारा किया गया। उपस्थित अतिथियों का परिचय प्रधानाचार्य श्री मनीष खरे ने तथा उनका सम्मान प्राचार्य श्रीमती रुचि मिश्रा द्वारा किया गया।मुख्य अतिथि श्री शैलेंद्र जैन ने विद्यालय के अनुशासन, सुदृढ़ शैक्षणिक व्यवस्था एवं आचार्य-दीदियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर आशीर्वाद दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा-“सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और संस्कारों से प्राप्त होती है।”इस अवसर पर प्राचार्य श्रीमती रुचि मिश्रा ने प्रेरणादायक कविता के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा-“अंक कम आए तो क्या हुआ,हिम्मत कभी न हारो तुम,हर ठोकर से सीखो कुछ,आगे बढ़ते जाओ तुम…”प्रधानाचार्य श्री मनीष खरे ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा-“अंक आपके प्रयास का परिणाम हैं, पर आपका चरित्र ही आपकी असली पहचान है। निरंतर सीखते रहें और आगे बढ़ते रहें।”कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य श्री मनीष खरे ने उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
